तपोवन, संजान :आजादी के अमृत महोत्सव वर्ष में स्वतंत्रता का पर्व 15 अगस्त हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। सरकारी और शैक्षणिक संस्थानों के साथ ही औद्योगिक संस्थानों में भी स्वतंत्रता का उत्साह देखा गया। वापी औद्योगिक क्षेत्र के थर्ड फेज स्थित सरना केमिकल में आजादी का जश्न उमंग के साथ मनाया गया। कंपनी के डायरेक्टर डॉ मोहित राजाणी के मार्गदर्शन में कंपनी परिसर में ध्वजवंदन कार्यक्रम किया गया। जहां नशाबंदी एवं एक्साइज के अधीक्षक जिग्नेश एस तन्ना ने ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी। इस अवसर पर कंपनी के जीएम प्रमोद उपाध्याय, सेफ्टी ऑफिसर विरेन्द्र भोलसे, सीए जितेन्द्र प्रजापति, मार्केटिंग हेड महेश पटेल और प्रोडक्शन मैनेजर मनोहर चौहान सहित कंपनी कामगारों ने उपस्थित रहकर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी और देश के शहीदों को नमन किया। ध्वजारोहण के दौरान हो रही बरसात से भी मौजूद लोगों का उत्साह कम नहीं हुआ और पूरे सम्मान के साथ ध्वजवंदन कार्यक्रम संपन्न हुआ। इस अवसर पर कंपनी के जीएम प्रमोद उपाध्याय ने आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर करने वाले वीर शहीदों को नमन करते हुए सभी से राष्ट्र के सम्मान और गौरव को बनाए रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आजादी अमूल्य है और इसके लिए हजारों लाखों लोगों ने कई सालों तक संघर्ष किया है। प्रमोद उपाध्याय ने कहा कि राष्ट्र के विकास में हम सभी को अपने कर्तव्य का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी से करना चाहिए। उल्लेखनीय है कि सरना केमिकल में हर साल स्वतंत्रता दिवस और गणतंत्रता दिवस पूरे हर्षोल्लास के साथ मनाया जाता है।





