
तपोवन, संजान:। आपदा से बचाव एवं प्रबंधन के लिए विभिन्न संस्थानों और हितधारकों को सशक्त बनाने के लिए संघ प्रदेश दादरा नगर हवेली एवं दमण-दीव प्रशासन परिचय प्रशिक्षण एवं सामुदायिक जागरूकता / तैयारी कार्यक्रम-2023 का आयोजन कर रही है। 3 फरवरी से 14 फरवरी तक चलने वाली प्रशासन की ओर से इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में एनडीआरएफ की टीमें लगातार मॉक अभ्यास, क्षमता निर्माण कार्यक्रम व जन जागरुकता अभियान चला रही हैं। साथ ही शिक्षण संस्थानों में आपदा से बचाव के लिए स्कूलों तथा कॉलेजो में एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित कर रही हैं।दादरा नगर हवेली जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण 6थें एनडीआरएफ, वडोदरा के समन्वय में यह प्रशिक्षण शिविर आयोजित की जा रही है।इसी कड़ी में शुक्रवार दिनांक 3 फरवरी 2023 को श्रीमती देवकीबा मोहनसिंहजी चौहान कॉलेज ऑफ कॉमर्स एंड साइंस के प्रशिक्षण केन्द्र में भी एक कार्यशाला का आयोजन किया गया।प्रशिक्षण में वडोदरा से आई 6थी बटालियन के एनडीआरएफ की प्रशिक्षित एवं अनुभवी टीम द्वारा सीपीआर, गले में फंसी बाहरी वस्तु के निकालने के तरीके, शारीरिक चोटों का अस्पताल पूर्व उपचार, तात्कालिक स्ट्रेचर बनाना, लिफ्टिंग और मूविंग के तरीके, अग्निशमन और आग से बचाव की तकनीक, रस्सी से बचाव की तकनीक, अग्निशामक यंत्र का उपयोग, इम्प्रोवाइज्ड फ्लोटिंग डिवाइस (राफ्ट) बनाना, सड़क सुरक्षा, हीट-स्ट्रोक से बचाव, जागरूकता आदि विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षण प्रदान किया गया। इस कार्यक्रम के दौरान उपस्थित छात्रों से भी अभ्यास कराया गया। जिसमें श्रीमती देवकीबा मोहनसिंह चौहान कॉलेज ऑफ कॉमर्स एंड साइंस के विद्यार्थियों, शिक्षकों और कॉलेज के अन्य कर्मचारियों ने बढ़-चढ़ कर भाग लिया।इस अवसर पर श्रीमती देवकीबा मोहनसिंह चौहान कॉलेज ऑफ कॉमर्स एंड साइंस की इंचार्ज प्रिंसिपल डॉ. सीमा पिल्लई ने एनडीआरएफ का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि एनडीआरएफ द्वारा आयोजित जागरूकता कार्यक्रम बहुत शिक्षाप्रद है। इस कार्यक्रम से प्रशिक्षण केंद्र के विद्यार्थी व अध्यापक लाभान्वित होंगे। वे आपदा के दौरान अपने और अन्य लोगों के जीवन को बचाने में सहयोग प्रदान कर पाएंगे। उन्होंने ऐसे प्रशिक्षण कराते रहने के लिए लायंस क्लब ऑफ सिलवासा चैरीटेबल ट्रस्ट के चेयरमैन फतेहसिंह चौहान का आभार व्यक्त किया जिनके मार्गदर्शन में यह कार्यक्रम का आयोजन किया गया।






