लायंस इग्लिश स्कूल में अटल टिंकरिंग लैब शुरू, बाल वैज्ञानिक होंगे तैयार

0
162

अटल टिंकरिंग लैब जहां कारगर होंगे आउट ऑफ सिलेबस आइडिया : फतेहसिंह चौहाण, अध्यक्ष, लायंस क्लब ऑफ सिलवासा चैरीटेबल ट्रस्ट

तपोवन, संजान :
अटल टिंकरिंग लैब से विद्यार्थियों की सोच बदलेगी। इससे उनकी रचनात्मकता में वृद्धि के साथ उनमें सहयोग की भावना का विकास होगा। सिलवासा के लायंस इंग्लिश स्कूल में 31 मार्च 2022, गुरूवार की दोपहर 12:30 बजे अटल टिंकरिंग लैब के शुभारंभ अवसर पर मुख्य अतिथि फतेहसिंह चौहाण ने यह बातें कहीं।

छात्र-छात्राओं को पूर्ण लगन के साथ अध्ययन करने के लिए प्रेरित करते हुए उन्होंने देश के विकास में विज्ञान के महत्व को समझाया। उन्होंने बताया कि लैब स्थापित करने के पीछे का उद्देश्य बाल वैज्ञानिक तैयार करने और तकनीकी के नए आइडिया विकसित करना है। इस लैब में बच्चों को निओटेरिक इनोवेटर के रूप में निखारना है। निओटेरिक यानी एक ऐसा व्यक्ति, जो नए विचारों की वकालत करता है।

ज्ञात हो कि स्कूल में स्थापित अटल टिंकरिंग लैब नवीनतम सुविधाओं से लैस हैं और स्कूली छात्रों को नए परियोजनाओं पर सोच को आगे बढ़ाने तथा काम करने एवं अपनी नवाचार क्षमताओं में सुधार करने के लिए अवसर प्रदान करती हैं। इसके जरिए छात्र और शिक्षक नवप्रवर्तन और उद्यमिता गतिविधियों से जुड़ेंगे तथा विचारों को साकार करने, नवोन्मेष और उद्यमी बनने का अवसर प्रदान होगा। इन लैब में विद्यार्थियों को साइंस, टेक्नोलॉजी, इंजीनियरिंग और गणित के विभिन्न पहलुओं को समझाने के साथ-साथ उपकरणों और औजारों का इस्तेमाल कर कुछ नया करने का अवसर दिया जाएगा।

स्कूल में अमूमन सब्जेक्ट स्पेसिफिक लैब्स होती हैं, जिसमें फिजिक्स, केमेस्ट्री, बायोलॉजी, कंप्यूटर साइंस या मैथ्स और लैंग्वेज को लेकर उन चीजों का प्रैक्टिकल करते हैं, जो कोर्स बुक में पढ़ाई जा रही हैं। जबकि अटल टिंकरिंग लैब (एटीएल) में बच्चों को सिलेबस से बाहर की चीजों को इमैजिन करने का मौका मिलता है। इस लैब में एक्सपर्ट और मेंटर्स हर वक्त मौजूद होते हैं और उनकी मदद से बच्चे उन आइडियाज पर काम करके देख सकते हैं, जो उनका अपना क्रिएशन है। वे समझ सकेंगे कि कौन से आइडिया प्रैक्टिकली इम्प्लीमेंट हो सकते हैं।

युवा वैज्ञानिकों और उनके विचारों को बड़ा प्लेटफार्म देने के लिए इस लैब में तमाम सुविधाएं व सामान मुहैया कराई गई हैं। इस अवसर पर मुख्य अतिथि फतेहसिंह चौहाण, वाइस चेयरमैन एडी निकम, सेक्रेटरी ए. नारायरन, ज्वाइंट सेक्रेटरी हीराभाई पटेल, ट्रेजरर विश्वेष दवे सहित स्कूल के प्रिंसिपल पी. धनशेखरन, वाईस- प्रिंसिपल निराली पारेख, हवेली इंस्टीट्यूट ऑफ लीगल स्टडीज़ एण्ड रिसर्च की वाईस- प्रिंसिपल, शिक्षक, स्कूल के स्टाफ एवं छात्र आदि मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here