- प्रशासक प्रफुल पटेल से मिले चिंतित अभिभावक
- मंत्रालय को जानकारी देकर सभी की वापसी के लिए जल्द से जल्द कार्रवाई शुरू
- भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दीपेश टंडेल ने पीएम मोदी और प्रशासक प्रफुल पटेल का माना आभार
- दानह के 2 छात्रा और 1 छात्र सहित दमण की 1 छात्रा फंसी है यूक्रेन में

तपोवन,संजान : देश के कई राज्यों की तरह संघ प्रदेश दादरा नगर हवेली और दमण-दीव के 4 छात्र भी यूक्रेन में फंस गए हैं। यूक्रेन पर रूस का हमला हो चुका है। ऐसे में अब इनके अभिभावक चिंता में हैं और सरकार से इनकी वतन वापसी की गुहार लगा रहे हैं। यूक्रेन पर रूस का हमला होते ही संघ प्रदेश दानह और दमण-दीव भाजपा अध्यक्ष दीपेश टंडेल ने यूक्रेन में फंसे संघ प्रदेश के छात्रों की जानकारी देने की अपील प्रदेशवासियों से की थी। जानकारी के अनुसार दादरा नगर हवेली के 2 छात्रा और 1 छात्र सहित दमण की एक छात्रा यूक्रेन में फंसी हुई है। शुक्रवार को चारों छात्रों के अभिभावकों ने दानह और दमण-दीव प्रशासक प्रफुल पटेल से मुलाकात कर चिंता व्यक्त करते हुए बच्चों को वतन वापसी की गुहार लगाई है। इस गंभीर विषय को पर ध्यान देते हुए प्रशासक प्रफुल पटेल ने तुरंत भारत सरकार के मंत्रालय को चारों छात्रों की जानकारी भेजकर इनकी वतन वापसी के लिए कार्रवाई शुरू कर दी है। इस अवसर पर प्रशासक प्रफुल पटेल ने सभी अभिभावकों को आश्वासन दिया कि सभी छात्र सुरक्षित रूप से जल्द से जल्द संघ प्रदेश वापस आएंगे। बताया जा रहा है कि संघ प्रदेश के चारों छात्र यूक्रेन में सुरक्षित है हालांकि वहां पर चल रहे युद्ध के चलते वे भयभीत भी है। चारों छात्रों की वतन वापसी के लिए प्रशासनिक अधिकारियोें द्वारा कार्रवाई शुरू कर दी गई है। संघ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दीपेश टंडेल ने बताया कि इस गंभीर विषय को प्रशासन ने समय रहते ध्यानाकर्षण कर यूक्रेन में फंसे सभी छात्रों को सुरक्षित वापस लाने के लिए कार्रवाई शुरू कर दी है। उन्होंने इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और प्रशासक प्रफुल पटेल का भी आभार प्रकट किया है।




