
तपोवन,संजान :- संघ प्रदेशों के चुनाव आयुक्त द्वारा दीव नगरपालिका परिषद की 13 वार्डों की चुनाव के लिए अधिसूचना जारी कर दी गई है। इसके साथ ही 13 वार्डों के लिए चुनाव की तारीख का एलान कर दिया गया है और आवश्यकता पडने पर सभी वार्डों के लिए दिनांक 07/07/2022 को मतदान होगा.
जारी अधिसूचना के अनुसार दीव नगरपालिका परिषद के 13 वार्डों के लिए उम्मीदवार या उसके प्रस्तावक द्वारा नामांकन पत्र निर्वाचन अधिकारी एवं समाहर्ता, दीव या सहायक निर्वाचन अधिकारी एवं मुख्य अधिकारी, दीव नगर परिषद, दीव, समाहर्तालय, दीव से प्राप्त किए जा सकेंगे। नामांकन पत्र सार्वजनिक अवकाश को छोड़कर किसी भी दिन पूर्वाह्न 11:00 बजे से 03:00 बजे के बीच 20/06/2022 (सोमवार) तक प्राप्त किया जा सकता है। 20/06/2022 के बाद नामांकन पत्र प्राप्त नहीं किए जायेंगे। नामांकन पत्रों की समीक्षा समाहर्ता का कार्यालय, दीव में दिनांक 21/09/2021 (बुधवार) को पूर्वाहन 11:00 बजे की जाएगी। उम्मीदवार या उसके प्रस्तावक या उसके चुनाव एजेंट, जिसे उम्मीदवार द्वारा लिखित रूप में अधिकृत किया गया है, के द्वारा नाम वापस लेने संबंधी लिखित सूचना दिनांक 23-06-2022 (गुरूवार) अपराह्न 03:00 बजे तक निर्वाचन अधिकारी एवं समाहर्ता, दीव या सहायक निर्वाचन अधिकारी एवं मुख्य अधिकारी, दीव नगरपालिका परिषद, दीव, समाहर्तालय, दीव में से किसी एक को दे सकता है।
अगर जरूरत पड़ी तो सीट या सीटों के लिए मतदान 07/07/2022 दिन गुरूवार को सुबह 8:00 बजे से शाम 5:00 बजे के बीच होगा और मतदान की गणना दिनांक 09/07/2022 (शनिवार) का होगी।
इस संबंध में निदेशक, नगरपालिका एवं पंचायत चुनाव, संघ प्रदेश दादरा एवं नगर हवेली और दमण एवं दीव ने प्रेस कॉफ्रेस करके प्रिंट व इलेक्ट्रॉनिक मीडियाकर्मियों को चुनाव से संबंधित समस्त आवश्यक सूचनायें प्रदान की और कहा कि आज ही संघ प्रदेश के सरकारी राजपत्र में अधिसूचना प्रकशित की जा रही है।


