दमण जिला समाहर्ता डॉ.तपस्‍या राघव की अध्‍यक्षता में समाहर्तालय सभागार में ‘जिला नशा मुक्‍त भारत अभियान समिति’ की बैठक आयोजित हुई

0
190

तपोवन, संजान : दमण जिला समाहर्ता डॉ.तपस्‍या राघव की अध्‍यक्षता में 05 जनवरी, 2023 को समाहर्तालय सभागार में ‘जिला नशा मुक्‍त भारत अभियान समिति’ की बैठक आयोजित हुई । बैठक में समिति के सदस्‍यों का स्‍वागत करते हुए डॉ. तपस्‍या राघव, समाहर्ता, दमण ने कहा कि भारत सरकार के सामाजिक न्‍याय और अधिकारिता मंत्रालय ने लोगों को, विशेषकर नौजवानों को नशे की लत से दूर रहने के लिए ‘’नशा मुक्‍त भारत अभियान’’ के रूप में एक मुहिम चलाई है । हम सभी का यह परम कर्तव्‍य है कि अपने संघ प्रदेश में सरकार की इस मुहिम को पूरी निष्‍ठा एवं प्रामाणिकता के साथ चलाएं । इसके लिए हम सबको मिलकर काम करना होगा । इसकी शुरूआत हमें अपने आप से, अपने घर से, अपनी सोसाइटी से करनी होगी । बैठक में उन्‍होंने अपनी बात जारी रखते हुए कहा कि प्रशासन के सभी विभाग अपने-अपने स्‍तर पर ‘’नशा मुक्‍त भारत अभियान’’ के इस मुहिम से जुड़ें । विद्यालयों में शिक्षक विद्यार्थियों को मादक पदार्थों एवं उनके सेवन से होने वाले दुष्‍प्रभावों के बारे में जानकारी दें तथा स्‍वयं भी नशे का बहिष्‍कार कर बच्‍चों के सामने एक आदर्श प्रस्‍तुत करें । इस अभियान में मीडिया से जुड़े लोगों की बड़ी महत्‍वपूर्ण भूमिका है । मीडिया के लोग विविध प्रचार माध्‍यमों के जरिए लोगों में यह संदेश फैलाएं कि नशा के सेवन से किसी का भी भला नहीं हो सकता । नशे का बहिष्‍कार कर एक स्‍वस्‍थ एवं समृद्ध समाज का निर्माण किया जा सकता है ।अध्‍यक्ष महोदया ने भारत सरकार के नशा मुक्‍त भारत अभियान को सफल बनाने के लिए प्रदेश के लोगों में जागरूकता लाने हेतु सार्वजनिक स्‍थलों, कार्यालयों, स्‍कूलों, कॉलेजों, सोसाइटियों, पंचायतों आदि में नशे की रोकथाम के प्रति लोगों में जागरूकता फैलाने हेतु विविध कार्यक्रमों को करने तथा सिनेमा घरों, स्‍थानीय टेलिविजन केबलों आदि में नशे एवं इसके दुष्‍प्रभाव से संबंधित लघु फिल्‍मों को प्रदर्शित करने का निदेश दिया । बैठक में उपस्थित सदस्‍य अधिकारियों ने भी अपने-अपने विचार रखे ।इस बैठक में उप सचिव (समाज कल्‍याण) श्री मनोज कुमार पाण्‍डेय, एसडीपीओ श्री रजनीकांत अवधिया, सीडीपीओ श्री प्रेमजी मकवाणा, सरकारी कॉलेज के प्राचार्य डॉ.एस.कुमार, स्‍वास्‍थ्‍य अधीक्षक डॉ.शैलेश आर्लेकर एवं डॉ. मेघल शाह, ड्रग इंस्‍पेक्‍टर श्री गिरीष वाघेला, सहायक शिक्षा निदेशक श्री राजेश हलपति एवं श्री बी. कानन, आबकारी निरीक्षक श्री दिक्षित चारणिया तथा नशा मुक्‍त भारत अभियान के नोडल अधिकारी श्री संजीव कुमार पंड्या एवं समाज कल्‍याण विभाग की पूरी टीम उपस्थित थी ।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here