0
63

सिलवासा के छठ घाट पर दिखी एक IAS अधिकारी की सादगी: जब प्रशासनिक कुर्सी पर बैठा व्यक्ति आम लोगों के बीच उन्हीं की तरह खड़ा दिखाई देता है, तो पद और जनता के बीच की दूरी अपने आप सिमट जाती है। सिलवासा में छठ पर्व पर कलेक्टर प्रियांक किशोर जी का पारिवारिक अंदाज कुछ ऐसा ही भावनात्मक दृश्य छोड़ गया।

जब प्रशासनिक कुर्सी पर बैठा व्यक्ति आम लोगों के बीच उन्हीं की तरह खड़ा दिखाई देता है, तो पद और जनता के बीच की दूरी अपने आप सिमट जाती है। सिलवासा में छठ पर्व पर कलेक्टर प्रियांक किशोर जी का पारिवारिक अंदाज कुछ ऐसा ही भावनात्मक दृश्य छोड़ गया।

कुछ दृश्य केवल आंखों से नहीं देखे जाते, वे सीधे दिल में उतर जाते हैं। कुछ व्यक्तित्व ऐसे होते हैं, जिनकी पहचान उनके पद, अधिकार और प्रोटोकॉल से नहीं, बल्कि उनके व्यवहार और सहजता से बनती है। इस बार सिलवासा में छठ महापर्व के दौरान कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिला, जब दादरा एवं नगर हवेली के कलेक्टर प्रियांक किशोर जी एक अलग ही अंदाज में लोगों के बीच नजर आए।

आमतौर पर कलेक्टर जैसे संवैधानिक और प्रशासनिक पद पर बैठे अधिकारी सार्वजनिक आयोजनों में एक निर्धारित औपचारिकता, सुरक्षा व्यवस्था और प्रोटोकॉल के बीच दिखाई देते हैं। लेकिन छठ पर्व के अवसर पर कलेक्टर प्रियांक किशोर जी का सादगी भरा रूप इस औपचारिक छवि से बिल्कुल अलग था। न कोई विशेष तामझाम, न पद का प्रदर्शन और न ही लोगों से अलग रहने का भाव। वे अपने परिवार के साथ आम श्रद्धालुओं के बीच पहुंचे और छठ की आस्था में सहभागी बने। एक IAS अधिकारी का इस तरह सहज वेशभूषा में लोगों के बीच पर्व मनाना अपने आप में एक सुखद अनुभूति थी।

इस दृश्य की खूबसूरती केवल इतनी नहीं थी कि जिले के एक बड़े प्रशासनिक अधिकारी छठ घाट पर पहुंचे। असली खूबसूरती उस अपनत्व में थी, जो उनके व्यवहार से झलक रहा था। किसी अधिकारी का जनता के बीच पहुंचना एक सामान्य प्रशासनिक गतिविधि हो सकती है, लेकिन जनता के बीच उन्हीं की तरह घुल-मिल जाना एक अलग बात है। पद की ऊंचाई पर पहुंचकर भी व्यवहार की जमीन से जुड़े रहना ही शायद किसी व्यक्तित्व की सबसे बड़ी खूबी होती है।

दादरा नगर हवेली, सिलवासा की मिट्टी में उत्तर प्रदेश और बिहार से आए हजारों परिवारों की मेहनत, संघर्ष, संस्कृति और भावनाएं रची-बसी हैं। रोजगार की तलाश में अपने घर-गांव से दूर आए इन परिवारों ने यहां केवल अपना आशियाना नहीं बनाया, बल्कि अपनी परंपराओं और संस्कारों को भी पूरी श्रद्धा से जीवित रखा है। छठ उनके लिए महज एक पर्व नहीं, बल्कि अपनी मिट्टी, अपने गांव, अपने परिवार और अपनी सांस्कृतिक पहचान से जुड़ने का एक भावुक अवसर है।

ऐसे में जब उत्तर प्रदेश और बिहार की पृष्ठभूमि से आने वाले एक IAS अधिकारी को वे अपने ही बीच, अपने ही पर्व में सहभागी होते देखते हैं, तो यह अपनापन और भी गहरा हो जाता है। उनके मन में कहीं न कहीं यह सुखद भाव जरूर पैदा हुआ होगा कि जिस प्रदेश में वे अपने घर से दूर रहकर जीवन बिता रहे हैं, वहां प्रशासनिक जिम्मेदारी संभाल रहा एक अधिकारी भी उनकी आस्था और परंपराओं को समझता है। यह अनुभूति किसी औपचारिक संबोधन से कहीं अधिक आत्मीय हो सकती है।

किसी अधिकारी का अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़ाव और दूसरे प्रदेश में रह रहे लोगों की भावनाओं के प्रति सहज सम्मान, सामाजिक रिश्तों को मजबूत करने का काम करता है। प्रशासन केवल आदेशों, बैठकों और सरकारी योजनाओं से नहीं चलता, वह विश्वास और संवाद से भी मजबूत होता है। जनता को जब यह महसूस होता है कि सत्ता के गलियारों में बैठा व्यक्ति उनके सुख-दुख, उनकी आस्था और उनकी भावनाओं को भी महत्व देता है, तो उसके प्रति सम्मान स्वाभाविक रूप से बढ़ जाता है।

सिलवासा के छठ घाट पर इस बार शायद इसी सम्मान और आत्मीयता की एक सुंदर तस्वीर उभरी। कलेक्टर श्री का यह अंदाज लोगों के लिए चर्चा का विषय इसलिए नहीं बना कि वे एक बड़े पद पर हैं, बल्कि इसलिए बना कि इतने बड़े पद पर रहते हुए भी उन्होंने खुद को आम लोगों से अलग नहीं रखा।

आखिरकार, किसी अधिकारी की पहचान उसके कार्यालय के दरवाजे पर लिखे पदनाम से नहीं, बल्कि उन लोगों के दिलों में बनी जगह से होती है, जिनके बीच वह काम करते है। कुर्सी पर बैठकर आदेश देना प्रशासनिक जिम्मेदारी है, लेकिन उसी कुर्सी की मर्यादा बनाए रखते हुए आम लोगों के बीच सहज होकर बैठना व्यक्तित्व की खूबी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

error: Content is protected !!